GameRanger 1xbet 1xbet az 1xbet azerbaycan Mega888
October 20, 2026

दिल्ली का बिड़ला मन्दिर : सभी के लिए खुले हैं द्वार

0

@SanatanYatra. भारत में कुछ ऐसे लक्ष्मी-नारायण मन्दिर हैं जो उनको बनवाने अथवा पुरोद्धार कराने वालों के नाम पर ज्यादा प्रसिद्ध हैं। इनमें से एक है बरेली का चुन्ना मियां का मन्दिर और दूसरा दिल्ली का बिड़ला मन्दिर। इनमें पहले का निर्माण सेठ फजरुल रहमान उर्फ चुन्ना मियां ने जबकि दूसरे का पुनर्निर्माण कराया मशहूर उद्योगपति बलदेव दास बिड़ला ने।

दिल्ली के दिल कनाट प्लेस के पश्चिम में गोल मार्केट के पास मन्दिर मार्ग पर स्थित यह मन्दिर मूल रूप में 1622 में वीर सिंह देव ने बनवाया था। पृथ्वी सिंह ने 1793 में इसका जीर्णोद्धार कराया। समय गुजरने के साथ यह मन्दिर काफी जर्जर हो गया। इस पर बलदेव दास बिड़ला ने 1933 में इसका पुनर्निर्माण शुरू कराया। 1939 में महात्मा गांधी ने इस शर्त के साथ इस मन्दिर का उद्घाटन किया कि यह सभी जातियों के लिए खुला रहेगा।

यह तीन मंजिला मन्दिर हिन्दू मन्दिर वास्तुकला की नागारा शैली में बनाया गया है। आचार्य विश्वनाथ शास्त्री की देखरेख में वाराणसी के लगभग 100 कारीगरों ने मन्दिर की मूर्तियों को तऱाशा तथा दीवारों और स्तंभों पर नक्काशी की। मन्दिर परिसर के निर्माण में मकराना, आगरा, कोटा और जैसलमेर के कोटा पत्थर का इस्तेमाल किया गया। मूर्तियां जयपुर से लाये गये संगमरमर से बनायी गयीं। करीब 7.5 एकड़ के मन्दिर परिसर में कई और छोटे मन्दिर, गीता भवन और बाग-बगीचे हैं। मन्दिर के उद्यान में एक कृत्रिम गुफा भी है।

मन्दिर के गर्भगृह में लक्ष्मी-नारायण के साथ मां भगवती और गौरी-शंकर भी विराजमान हैं। मुख्य प्रार्थना स्थल के सामने भगवान गणेश, गीता स्तम्भ और बजरंगबली उपस्थित हैं। गीता भवन के विशाल सभागार को पार करते ही भगवान के योगेश्वर स्वरूप और श्रीराम परिवार के दर्शन किये जा सकते हैं। गीता भवन की सबसे बड़ी विशेषता प्रतिबिम्ब में शोभायमान मुरली मनोहर भगवान श्रीकृष्ण के असंख्य प्रतिरूप हैं। मुख्य गर्भगृह का सबसे ऊंचा शिखर 160 फीट ऊंचा है।

बिड़ला मन्दिर का जन्माष्टमी उत्सव बहुत प्रसिद्ध है। इसके अलावा यहां नवरात्र पर भी काफी आयोजन किये जाते हैं। दीपावली पर मन्दिर की साज-सज्जा देखने लायक होती है।

आसपास के दर्शनीय स्थल

कनाट प्लेस, जंतर-मंतर, इन्डिया गेट, राष्ट्रपति भवन, संसद भवन, हनुमान मन्दिर और गुरुद्वारा बंगला साहिब बिड़ला मन्दिर के आसपास ही हैं।

कहां स्थित है बिरला मंदिर

पता : मन्दिर मार्ग, गोल मार्केट के पास, नई दिल्ली। पिन-110001
निकटतम मेट्रो स्टेशन : रामकृष्ण आश्रम मार्ग मेट्रो स्टेशन जो यहां से करीब 1.7 किलोमीटर की दूरी पर है।
निकटतम रेलवे स्टेशन : नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जो यहां से लगभग 3.6 किलोमीटर की दूरी पर है।
खुलने और बंद होने का समय : बिड़ला मन्दिर सभी दिन खुला रहता है। यहां सुबह 4:30 बजे से दोपहर 01:30 बजे तक और दोपहर 02:30 से रात 9:00 बजे तक दर्शन किये जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed